पानीपत, 12 अप्रैल (हि.स.)। पानीपत स्थित सनौली के एक गांव में एक क्लीनिक संचालक डॉक्टर ने बुखार और पेट दर्द की दवा लेने आए आठवीं कक्षा के छात्र के साथ कुकर्म का प्रयास किया। बच्चे ने सारा मामला अपने घर पर बताया तो बच्चे की मां ने तुरंत इस की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार एक 11 वर्षीय बच्चा पिछले कुछ दिनों से बुखार से पीड़ित था। उसके पेट में तेज दर्द हुआ। उस वक्त बच्चे की मां घर पर नहीं थी और दादा भी घर पर नहीं थे। बच्चा खुद ही गांव के अड्डे पर स्थित क्लीनिक में दवाई लेने चला गया। आरोप है कि डॉक्टर ने पहले बच्चे को इंजेक्शन लगाया और फिर उसके साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं।

पीड़ित बच्चे ने बताया कि जब उसने डॉक्टर की हरकतों का विरोध किया, तो डॉक्टर ने उसे झांसा देते हुए कहा कि यह भी इलाज ही है, इससे तुम जल्दी ठीक हो जाओगे। डॉक्टर ने बच्चे को अपनी बाहों में जकड़ लिया और उसके साथ कुकर्म का प्रयास किया। दरिंदगी की हदें पार करते हुए आरोपी ने बच्चे को अपनी मजबूत पकड़ से जकड़े रखा। इस बीच बच्चे ने प्यास लगने का बहाना बनाया। जब डॉक्टर पानी लेने मुड़ा, तो बच्चे ने भागने की कोशिश की, लेकिन डॉक्टर ने उसे फिर से पकड़ लिया। मौके का फायदा उठाकर बच्चा अर्धनग्न हालत में बच्चा वहां से भाग निकला और सीधा अपने घर पहुंचा। घर पहुंचकर बच्चे ने अपने दादा को आपबीती सुनाई। जब मां घर लौटी, तो वह तुरंत बच्चे को लेकर सनौली थाने पहुंची। विधवा मां की शिकायत पर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी डॉक्टर के खिलाफ संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर रविवार काे उसे गिरफ्तार कर लिया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा
