पानीपत, 24 जनवरी (हि.स.)। पानीपत नौल्था स्थित गीता यूनिवर्सिटी में दूसरा दीक्षांत समारोह शनिवार को आयोजित किया गया। इसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर और हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर अनुराग ठाकुर व कृष्ण लाल पवार ने छात्रों को डिग्रियां वितरित की।

अनुराग ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि गीता यूनिवर्सिटी ने देश-विदेश में अपनी पहचान बनाई है और अब वर्तमान समय पर देश में शिक्षा का स्तर विश्व स्तरीय होता जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि केंद्र सरकार उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सरकार प्राथमिकता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार शिक्षा के साथ स्किल को भी बढ़ावा दे रही है। ताकि कोई भी युवा बेरोजगार न रहे। हर युवा का अपना खुद का कारोबार हो और भारत का युवा विश्व के मानचित्र पटल पर अपना व देश का नाम रोशन कर सके। जिसके लिए सरकार ने युवाओं को रोजगार देने के लिए कई योजनाएं चलाई है , ताकि युवाओं को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
हरियाणा के पंचायत एवं विकास मंत्री कृष्ण लाल पवार ने कहा कि हरियाणा सरकार शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए हर संभव प्रयासरत है। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में शिक्षा को देश में नंबर वन पर लाने का प्रयास किया जा रहा है ताकि आज का युवा विश्वस्तरीय शिक्षा ग्रहण कर सके।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा
