पानीपत, 07 फ़रवरी (हि.स.)। पानीपत के एक युवक के साथ अस्पताल में फार्मेसी चलवाने के नाम पर करीब दो करोड़ रुपए ठग लिए गए। डीएसपी समालखा द्वारा की गई जांच में सभी आरोप सही पाए जाने के बाद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने के आदेश दे दिए गए। इसके बाद संबंधित थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। सेक्टर छह निवासी शिकायतकर्ता ऋषभ दांगी ने बताया कि उन्होंने पांच साल पहले फैमिली हेल्थ केयर के निदेशक डॉक्टर सुरेश कुमार और उनकी पत्नी अनुपमा नैन के साथ गाजियाबाद स्थित उनके अस्पताल में फार्मेसी चलाने का एग्रीमेंट किया था। इसके लिए ऋषभ ने करीब 65 से 70 लाख रुपए स्टाफ और स्टॉक में निवेश किए थे।

वर्ष 2022 में डॉक्टरों ने ऋषभ को बताया कि उन्होंने अस्पताल ‘यशोदा ग्रुप’ को लीज पर दे दिया है और उसे फार्मेसी खाली करनी होगी। 31 अक्टूबर 2022 को हिसाब करने पर डॉक्टरों की तरफ एक करोड़ 95 लाख 77 हजार 982 रुपए की देनदारी निकली। इस राशि के भुगतान के लिए डॉक्टरों ने 65-65 लाख रुपए के तीन चेक दिए, लेकिन तीनों चेक बाउंस हो गए।
ऋषभ का आरोप है कि 19 दिसंबर 2025 को जब वह कोर्ट में केस की तारीख पर गए थे, तो आरोपी डॉक्टर सुरेश ने उन्हें धमकी दी। डॉक्टर ने कहा, तेरा इंतजाम गाजियाबाद में कर दिया है, तुझे ऐसे झूठे केस में फंसाऊंगा कि जिंदगी भर याद रखेगा, नहीं तो जान से मरवा दूंगा। डीएसपी की जांच में सभी तथ्य सही पाए जाने पर डॉ सुरेश पर धोखाधडी, जान से मारने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा
