पानीपत, 11 फ़रवरी (हि.स.)। पानीपत के गांव फरीदपुर रोड पर बाइक सवार चार बदमाश एक युवक के गले से सोने का लॉकेट झपटकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित युवक ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।

पीड़ित युवक रवि ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गांव फरीदपुर में किराए पर रहता है और मंगलवार शाम वह साइकिल पर सवार होकर फैक्ट्री में ड्यूटी के लिए निकला था। जब वह एम थ्री एम कॉलोनी के कच्चे रास्ते पर पहुंचा, तो एक बाइक पर सवार चार युवकों ने उसे रोक लिया और बाइक से एक युवक नीचे उतरा और रवि पर झूठा आरोप लगाते हुए बोला, तूने मुझे गाली क्यों दी, रवि ने जब इस बात से इंकार किया, तो आरोपी ने अचानक आक्रोषित होते हुए रवि के गले से सोने का लॉकेट झपट लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, चारों आरोपी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। पीड़ित रवि ने सेक्टर 13-17 थाना पुलिस को लिखित शिकायत देकर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने बुधवार को रवि की शिकायत पर मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा
