मीरजापुर, 31 मार्च (हि.स.)। अहरौरा थाना क्षेत्र के रामपुर ढबही गांव में कुएं में गिरने से एक महिला की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच में जुट गई है।

पड़री थाना क्षेत्र के दाढ़ी राम गांव निवासी चिंतामनी अपनी पत्नी संगीता देवी (30) के साथ एक सप्ताह पूर्व उसके मायके रामपुर ढबही आए हुए थे। सोमवार शाम को संगीता कुएं पर पानी लेने गई थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। इस पर परिजन ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई पता नहीं चला।
मंगलवार सुबह परिजन दोबारा खोजबीन करते हुए कुएं के पास पहुंचे, जहां उन्होंने पानी में संगीता का उतराया शव देखा। यह देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया और आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पति चिंतामनी ने तहरीर देकर आशंका जताई है कि पानी निकालते समय पैर फिसलने से संगीता कुएं में गिर गई, जिससे डूबने से उसकी मौत हो गई।
प्रभारी निरीक्षक अहरौरा अजय कुमार मिश्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
