उरई, 29 जनवरी (हि.स.)। कोंच कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मालवीय नगर में एक दुखद घटना सामने आई है, जहाँ पत्नी से हुए विवाद के चलते एक 29 वर्षीय युवक ने आत्महत्या कर ली। युवक के घर के कमरे में फंदे से लटका शव मिलने से पूरे परिवार में मातम छा गया।

जानकारी के अनुसार, मृतक रवि वर्मा उर्फ हाथी (पुत्र मायाराम) का बुधवार की रात अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ और विवाद से अत्यंत परेशान रवि ने देर रात के घर के एक कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। गुरुवार की सुबह, जब परिजनों ने देखा कि काफ़ी देर तक कमरे से कोई आवाज़ या हलचल नहीं आ रही है, तो उन्होंने दरवाज़ा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब न मिलने पर दरवाज़ा खोला गया, जहाँ रवि का शव फंदे से लटका हुआ मिला। इस दृश्य ने परिवार को सदमे में डाल दिया और घर में चीख-पुकार मच गई। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही कोंच कोतवाली पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्र किए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के पिता मायाराम ने बताया कि उनके बेटे का पत्नी से लगातार विवाद चल रहा था, जिसके कारण वह पिछले कुछ दिनों से गंभीर तनाव में थे। उन्होंने दुख जताते हुए कहा, हमें अंदाज़ा नहीं था कि वह यह कदम उठा लेगा।
इस मामले में कोंच कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अजीत सिंह ने गुरुवार काे बताया कि प्राथमिक जांच से आत्महत्या की ओर संकेत मिलता है, लेकिन सभी एंगल से जाँच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा
