पाैड़ी, 16 फ़रवरी (हि.स.)। जिले में जनगणना-2027 के संचालन के लिए जिला स्तर पर आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से तकनीकी सहायक व एमटीएस की तैनाती की जाएगी। राज्य के जनगणना कार्य निदेशालय के निर्देशों के क्रम में जिला प्रशासन ने इसके लिए निविदा आमंत्रित की है। निविदा जमा करने की अंतिम तिथि 20 फरवरी है।

अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल ने साेमवार काे बताया कि जिला कार्यालय पौड़ी में दाे तकनीकी सहायक व एक एमटीएस की तैनाती की जाएगी। तकनीकी सहायक के लिए अधिकतम मानदेय 25 हजार रुपये प्रतिमाह तथा एमटीएस के लिए 18 हजार रुपये प्रतिमाह निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि जनगणना-2027 के कार्य के लिए आवश्यक मानव संसाधन की तैनाती आउटसोर्सिंग के माध्यम से की जा रही है। यह नियुक्ति अधिकतम 16 से 18 माह के लिए होगी। कार्य अवधि पूर्ण होने पर यह व्यवस्था स्वतः समाप्त मानी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मद में केंद्र सरकार या राज्य सरकार की कोई वित्तीय अथवा अन्य जिम्मेदारी नहीं होगी। साथ ही नियुक्त कार्मिकों को नियमितीकरण या किसी अन्य पद पर नियुक्ति का कोई अधिकार या दावा नहीं मिलेगा। उन्होंने बताया कि कार्य की उपयुक्तता के आधार पर सेवानिवृत्त सरकारी अधिकारी, कर्मियों को भी नियुक्त किया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल
