हरिद्वार, 02 अप्रैल (हि.स.)। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस, बीडीएस (बम निरोधक दस्ता) और डॉग स्क्वायड की टीमें लगातार संवेदनशील व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर चेकिंग अभियान चला रही हैं।

इसी क्रम में बीडीएस व डॉग स्क्वायड की टीमें पिरान कलियर दरगाह क्षेत्र पहुंचीं। यहां टीमों ने दरगाह परिसर, आसपास के मार्गों तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सर्च अभियान चलाया। स्वान दस्ते और आधुनिक उपकरणों की मदद से संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस वस्तुओं और वाहनों की जांच की गई।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टीमों ने दरगाह परिसर के हर हिस्से को सावधानीपूर्वक चेक किया और स्थानीय लोगों को भी सतर्क रहने के लिए जागरूक किया। इसके बाद टीम रुड़की पहुंची, जहां रुड़की बस अड्डे और उसके आसपास के क्षेत्रों में भी संदिग्ध वस्तुओं व वाहनों की जांच की गई।
हरिद्वार पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी भी क्षेत्र में कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।पुलिस का कहना है कि जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार सतर्कता बरती जा रही है और चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला
