मीरजापुर, 13 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत शुक्रवार को किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी आई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के गुवाहाटी से देश भर के किसानों के खातों में योजना की 22वीं किस्त जारी की। इसके तहत मीरजापुर जनपद के 2 लाख 77 हजार 934 किसानों के बैंक खातों में कुल 55 करोड़ 58 लाख 68 हजार रुपये की धनराशि सीधे भेजी जा रही है।

उप निदेशक कृषि विकेश पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। जनपद में अब तक 3 लाख 82 हजार 737 किसानों को 21 किश्तों के माध्यम से कुल 1245 करोड़ 94 लाख 50 हजार रुपये की धनराशि उनके खातों में भेजी जा चुकी है। इस सहायता से किसानों को खेती-किसानी के कार्यों में आर्थिक मजबूती मिल रही है।
उन्होंने बताया कि योजना की अगली किस्त प्राप्त करने के लिए फार्मर रजिस्ट्री कराना अनिवार्य कर दिया गया है। जनपद में अब तक 2 लाख 47 हजार 609 किसानों ने अपनी फार्मर रजिस्ट्री करा ली है।
कृषि विभाग ने शेष किसानों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपनी फार्मर रजिस्ट्री पूरी करा लें, ताकि भविष्य में मिलने वाली किस्तों का लाभ बिना किसी बाधा के प्राप्त हो सके। प्रशासन का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और खेती को और सशक्त करना है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
