खूंटी, 24 फ़रवरी (हि.स.)। नगरपालिका चुनाव में खूंटी नगर पंचायत क्षेत्र में मतदान सम्पन्न होने के बाद मंगलवार को पीठासीन पदाधिकारी की डायरी और अन्य निर्वाचन संबंधी दस्तावेजों की स्क्रूटनी को लेकर कृषि उत्पादन बाजार समिति परिसर में सभी अभ्यर्थियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में सामान्य प्रेक्षक रश्मि लकड़ा उपस्थित थीं। साथ ही सभी निर्वाची पदाधिकारी, सहायक निर्वाची पदाधिकारी और उप निर्वाचन पदाधिकारी उपस्थित थीं।

बैठक के दौरान 23 फरवरी को संपन्न हुए मतदान के कुल प्रतिशत की जानकारी साझा की गई। इसके अतिरिक्त वार्डवार हुए मतदान प्रतिशत की भी विस्तृत जानकारी अभ्यर्थियों को दी गई।

बैठक में आगामी 27 फरवरी को होने वाली मतगणना की तिथि और समय के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही मतगणना के लिए काउंटिंग एजेंट की नियुक्ति की प्रक्रिया, जरूरी प्रपत्र, पहचान पत्र एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के बारे में भी अवगत कराया गया।
निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अभ्यर्थियों को सभी जरूरी जानकारी साझा की गई और किसी भी शंका के समाधान के लिए मार्गदर्शन दिया गया।
जिला प्रशासन की ओर स्पष्ट किया गया कि मतगणना की संपूर्ण प्रक्रिया राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा
