नई दिल्ली, 08 फ़रवरी (हि.स.)। बाहरी दिल्ली के पीरागढ़ी फ्लाईओवर के पास रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे खड़ी एक कार के अंदर तीन लोगों के शव बरामद किए गए। मृतकों में एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस इस मामले को संदिग्ध हालात में हुई मौत मानकर हर पहलू से पड़ताल कर रही है।

बाहरी जिले के पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 3.50 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि पीरागढ़ी फ्लाईओवर की सर्विस लेन के पास खड़ी एक कार में तीन लोग अचेत अवस्था में पड़े हैं और किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं दे रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान सफेद रंग की टाटा टिएगो कार के अंदर तीनों लोग मृत पाए गए।

पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान रणधीर (76), शिव नरेश सिंह (47) और लक्ष्मी देवी (40) के रूप में हुई है। रणधीर और शिव नरेश बापरोला इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि कार रणधीर के नाम पर ही पंजीकृत है, यानी वाहन का मालिक भी मृतकों में शामिल है।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि मौके पर लूटपाट या जबरन किसी अपराध के कोई संकेत नहीं मिले हैं। कार के अंदर से दो मोबाइल फोन, कुछ नकदी और अन्य निजी सामान सुरक्षित मिले हैं। इससे प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट है कि मामला किसी बाहरी हमले या लूट से जुड़ा हुआ नहीं है। हालांकि, मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। कार को कब्जे में लेकर उसकी गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि तीनों कहां से आए थे और कहां जा रहे थे। इसके लिए मोबाइल फोन की कॉल डिटेल, लोकेशन और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है। साथ ही मृतकों के परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि उनके पारिवारिक हालात और हालिया गतिविधियों की जानकारी मिल सके।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
