आसनसोल, 05 मार्च (हि.स.)। ईसीएल केंदा एरिया के अंतर्गत आने वाले न्यू केंदा ओसीपी कुआरी तीन में गुरुवार को बड़ा हंगामा देखने को मिला। पुनर्वास, पानी की समस्या और विस्फोट से हो रही परेशानियों को लेकर स्थानीय खेपाडांगा आदिवासी गांव के ग्रामीणों ने खदान का काम पूरी तरह बंद करा दिया।

सुबह से बड़ी संख्या में आदिवासी महिला और पुरुष ओसीपी परिसर में पहुंच गए और वहां चल रही सभी मशीनों को बंद करा दिया। साथ ही कोयला ढोने वाली गाड़ियों को भी रोक दिया गया, जिससे खदान का पूरा कामकाज ठप हो गया। घटना की सूचना मिलते ही ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) केंदा एरिया की सुरक्षा टीम और सीआईएसएफ के जवान मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। हालांकि ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर डटे रहे।

स्थानीय निवासी कृष्ण मुर्मू ने बताया कि गांव के बिल्कुल पास ओपन कास्ट खदान चलने के कारण रोजाना होने वाली विस्फोट से ग्रामीणों को भारी परेशानी हो रही है।
उन्होंने कहा कि विस्फोट की वजह से गांव के कई घरों की छतों और दीवारों में दरारें पड़ गई हैं। विस्फोट के समय ऐसा लगता है मानो इलाके में भूकंप आ गया हो। इससे खासकर महिलाओं और छोटे बच्चों में डर और अफरा-तफरी मच जाती है।
कृष्ण मुर्मू ने कहा कि कोयला उत्पादन जरूरी है, लेकिन लोगों की सुरक्षा उससे भी ज्यादा जरूरी है। इसलिए ईसीएल प्रबंधन को सबसे पहले गांव के लोगों का सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास करना चाहिए।
ग्रामीणों ने बताया कि गर्मी शुरू होने से पहले ही गांव के तालाब और कुएं सूखने लगे हैं। आने वाले दिनों में गंभीर जल संकट की आशंका है, लेकिन ईसीएल प्रबंधन की ओर से पानी की समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
वहीं रीता बाउरी, अंजलि मड़ी और कल्पना मुर्मू ने कहा कि विस्फोट के कारण आदिवासी पाड़ा में रहना मुश्किल हो गया है। गांव में पानी की भारी समस्या है और एकमात्र तालाब भी सूखने के कगार पर पहुंच गया है।
उन्होंने कहा कि पहले गांव के लोगों का सुरक्षित जगह पर पुनर्वास किया जाए, उसके बाद ईसीएल चाहे जितना कोयला खनन करे। ग्रामीणों के इस प्रदर्शन के कारण गुरुवार सुबह से ही न्यू केंदा ओसीपी कुआरी तीन में कोयला उत्पादन और अन्य गतिविधियां पूरी तरह बंद पड़ी हुई हैं।
फिलहाल प्रशासन और ईसीएल प्रबंधन स्थिति को शांत करने और ग्रामीणों से बातचीत के जरिए समाधान निकालने की कोशिश कर रहे हैं। —————
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा
