जम्मू,, 14 मार्च (हि.स.)।

पुरमंडल में 17 मार्च से शुरू होने वाले तीन दिवसीय धार्मिक मेले के सफल आयोजन को लेकर एक विशेष बैठक आयोजित की गई। जिला विकास आयुक्त सांबा आयुषी सुदन के दिशा-निर्देशों के अनुसार आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता एसडीएम विजयपुर संदीप दुबे ने की। बैठक में छड़ी यात्रा, चैत्र चौदस और अमावस्या के अवसर पर होने वाले मेले की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने बिजली की समुचित व्यवस्था, स्नान घाटों की सफाई, अतिरिक्त बस सेवा, अस्थायी शौचालयों की स्थापना, स्वास्थ्य शिविर और महिलाओं के लिए विशेष स्नान सुविधा जैसे प्रबंधों पर विचार-विमर्श किया।
बैठक में मेले के दौरान लगने वाली अस्थायी दुकानों के साथ-साथ पहली बार स्थानीय उद्यमियों के लिए अपने उत्पादों की बिक्री और प्रदर्शनी लगाने का प्रस्ताव भी रखा गया। इस पर एसडीएम विजयपुर संदीप दुबे ने आश्वासन दिया कि प्रदर्शनी के लिए उचित व्यवस्था की जाएगी जिससे स्थानीय लोगों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा और क्षेत्र में रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा। बैठक में धर्मार्थ ट्रस्ट पुरमंडल मंदिर के पुजारी राजिंदर शास्त्री, डोगरा सदर सभा के कार्यकारी अध्यक्ष गंभीर सिंह चाणक, कपिल सिंह, गोविंद राम शर्मा और हेमराज शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इसके अलावा तहसीलदार बड़ी ब्राह्मणा पुनिका शर्मा, नायब तहसीलदार पुरमंडल सुषमा वर्मा, बीएमओ पुरमंडल और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मेले के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएंगी ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता
