
जौनपुर, 08 फरवरी (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में सरायख्वाजा थाना क्षेत्र अंतर्गत जौनपुर–शाहगंज मार्ग पर खानपुर के पास रविवार देर शाम एक युवक को स्थानीय दबंगों ने गोली मार दी। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका साथी मारपीट में चोटिल हुआ। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीपक सोनकर (25) अपने साथी पंकज सोनकर (22) के साथ बाइक से शादी में प्रयोग होने वाला लावा लेने गया था। खानपुर स्थित मारुति एजेंसी के बगल लावा लेकर जैसे ही दोनों बाइक पर बैठे, तभी पैदल पहुंचे एक हमलावर ने दीपक पर फायर कर दिया। गोली दीपक के दाहिने पैर के पंजे में लगी, जिससे वह गिर पड़ा और चीख-पुकार मच गई। फायरिंग के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। गिरने के दौरान पंकज भी घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस बुलाकर दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत खतरे से बाहर है। गोली चलने की सूचना पर सीओ सदर देवेश कुमार सिंह और थानाध्यक्ष अमरेंद्र पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
पीड़ित दीपक ने बताया कि घर में शादी होने के कारण वह बाजार से लावा लेने गया था। रास्ते में बाइक बंद हो गई, तभी वहां मौजूद लोगों ने मारपीट शुरू कर दी और फायरिंग की, जिसमें उसे पैर में गोली लगी। परिजनों का कहना है कि वापसी के दौरान बिना किसी कारण हमला किया गया। बाइक का तेल खत्म होने पर वे उसे खींचकर ला रहे थे, तभी पहले से बैठे लोगों ने हमला कर दिया। परिजनों ने किसी पुरानी रंजिश से इनकार किया है।
वहीं, क्षेत्राधिकारी सदर देवेश कुमार सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों के बीच पूर्व से जमीनी विवाद की बात सामने आई है। एक युवक को पैर में गोली लगी है, जबकि दूसरे को लाठी-डंडों से पीटकर घायल किया गया है। दोनों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है और स्थिति सामान्य है। तहरीर मिलते ही विधिक कार्रवाई की जाएगी। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
