सीवान, 05 मार्च (हि.स.)। सीवान जिले के सराय थाना क्षेत्र के पपौर गांव में गुरुवार की संध्या लगभग साढ़े पांच बजे पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया गया। घायल युवक पपौर निवासी राम लाल महतो के पुत्र मनु चौहान है।

घटना के संबंध में घायल युवक के भाई धर्मेंद्र कुमार प्रसाद ने बताया कि उसका भाई शौच के लिए जा रहा था। इसी दौरान गांव के ही कुछ लोगों ने पुरानी दुश्मनी को लेकर उसे दौड़ाकर गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली लगने के बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उसे तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल सीवान में भर्ती कराया गया।

सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद युवक की स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया।
धर्मेंद्र कुमार प्रसाद ने आरोप लगाया कि होली के दिन भी आरोपितों ने उसके भाई के साथ मारपीट कर उसे जख्मी कर दिया था। इस मामले में थाने में शिकायत भी की गई थी, लेकिन पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई।
वहीं गुरुवार को गोलीबारी की घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद गांव में दो पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है।
इधर घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ अजय कुमार सिंह सदर अस्पताल पहुंचे और घायल युवक की स्थिति की जानकारी लेने के साथ पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma
