

सारण, 30 जनवरी (हि.स.)। पुलिस केंद्र में आयोजित शोक सभा में दिवंगत पुलिस अवर निरीक्षक लल्लू प्रसाद के असामयिक निधन पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। शोक सभा के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने दिवंगत अधिकारी के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें नमन किया।

एसएसपी ने अपने संबोधन में कहा कि लल्लू प्रसाद एक अत्यंत अनुशासित और समर्पित अधिकारी थे। उनकी कर्तव्यनिष्ठा और कार्य के प्रति समर्पण सदैव पुलिस के अन्य कर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। पुलिस विभाग ने न केवल एक कुशल अधिकारी खोया है बल्कि एक कर्मठ साथी भी खोया है।
श्रद्धांजलि सभा के उपरांत वरीय पुलिस अधीक्षक ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने दुखी परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि दुःख की इस घड़ी में पूरी सारण पुलिस उनके साथ खड़ी है। एसएसपी द्वारा परिजनों को आश्वस्त किया गया कि विभाग की ओर से मिलने वाली हर संभव सहायता और सहयोग प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाएगा। सारण पुलिस परिवार ने सामूहिक रूप से अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की।
शोक सभा में उपस्थित अधिकारियों और जवानों ने दो मिनट का मौन रखकर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। विभाग ने प्रार्थना की कि ईश्वर परिजनों को इस अपार दुःख और असहनीय पीड़ा को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार
