कमिश्नर और जिलाधिकारी के साथ धाम परिसर में बैठक कर महाशिवरात्रि के लिए दिए दिशा निर्देश

वाराणसी,07 फरवरी (हि.स.)। महाशिवरात्रि पर्व से पूर्व उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में शनिवार की शाम पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने श्री काशी विश्वनाथ धाम क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए श्री काशी विश्वनाथ धाम क्षेत्र का स्थलीय भ्रमण कर सुरक्षा, यातायात एवं जन-सुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं को परखा और पुलिस अफसरों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
इसके बाद मण्डलायुक्त वाराणसी एस. राजलिंगम व जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारियों के साथ धाम में बैठक की। बैठक में महाकुम्भ की तर्ज पर व्यवस्था बनाए रखने पर अधिकारियों ने जोर दिया।
मंडलायुक्त ने बताया कि महाकुम्भ ‘पलट प्रवाह’ की तर्ज पर महाशिवरात्रि पर्व पर भीड़ प्रबंधन की रणनीति तैयार की गई, जिससे दर्शनार्थियों का आवागमन, दर्शन एवं पूजन सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित रहे। पर्व के दौरान पुलिस, पीएसी एवं अर्धसैनिक बलों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
संवेदनशील स्थानों पर रूफटॉप ड्यूटी लगाई जाएगी, सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से निरंतर निगरानी की जाएगी। दर्शनार्थियों के सहज एवं व्यवस्थित दर्शन के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। महिला श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती रहेगी।
निर्धारित स्थानों पर होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। मंदिर के प्रवेश एवं निकास मार्गों का पूर्व निर्धारण सुनिश्चित किया जाएगा। मंदिर के सभी प्रवेश द्वारों पर प्रतिबंधित वस्तुओं की स्पष्ट सूची प्रदर्शित करने के लिए साइन बोर्ड लगाए जाएंगे। जगह-जगह बैगेज काउंटर की व्यवस्था की जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को असुविधा न हो।
विशेष ट्रैफिक प्लान के तहत रूट डायवर्जन, वन-वे एवं नो-व्हीकल जोन लागू किया जाएगा। बाहरी जनपदों से आने वाले वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क कराया जाएगा। किसी भी दशा में सड़कों पर अनधिकृत पार्किंग न होने देने के निर्देश दिए गए हैं। मार्गों पर सुदृढ़ बैरिकेटिंग एवं आवश्यकतानुसार बैरियर लगाए जाएंगे। फायर ब्रिगेड, डॉग स्क्वाड एवं एम्बुलेंस टीमों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं।
जनसुविधा एवं संवाद व्यवस्था
श्रद्धालुओं की सुविधा एवं मार्गदर्शन के लिए पीए सिस्टम के माध्यम से निरंतर उद्घोषणा की जाएगी। पुलिसकर्मियों को दर्शनार्थियों के प्रति विनम्र, सहयोगात्मक एवं संवेदनशील व्यवहार रखने के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी
