भव्य परेड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

मीरजापुर, 26 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को पुलिस लाइन में भव्य परेड और देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने की। पुलिस लाइन परिसर को फूलों, गुब्बारों और रंगोली से आकर्षक ढंग से सजाया गया।
मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर सलामी दी और परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान में फायरिंग की गई। परेड में पुलिस की आठ टोलियों और 10 वाहन दस्तों ने अनुशासित एवं आकर्षक प्रदर्शन कर उपस्थित गणमान्य का मन मोह लिया। स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को और भी यादगार बना दिया।
इस अवसर पर उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले स्कूली बच्चों व शिक्षकों को भी प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रभक्ति, एकता और संविधान के प्रति निष्ठा के संदेश के साथ हुआ।
कार्यक्रम में मंडलायुक्त राजेश प्रकाश, पुलिस महानिरीक्षक आर.पी. सिंह, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, जनपद न्यायाधीश अरविंद कुमार मिश्रा सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
