झांसी, 07 मार्च (हि.स.)। उप्र के झांसी में प्रेमनगर थाना क्षेत्र में आईजीआरएस की शिकायत पर जांच करने गई पुलिया नंबर नौ पुलिस चौकी टीम पर सिरफिरे शिकायत कर्ता ने पथराव कर दिया। पथराव में चौकी प्रभारी चोटिल हो गए। वहीं सिरफिरा मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस टीम तलाश कर रही है।

जानकारी के मुताबिक प्रेमनगर थाना क्षेत्र के नैनागढ़ में आजादपुरा निवासी संतोष ने आईजीआरएस पर शिकायत दर्ज कराई थी। जिसकी जांच पुलिया नंबर नौ चौकी प्रभारी दीपक धामा को मिली थी। कई बार शिकायतकर्ता को पुलिस द्वारा बुलाया गया लेकिन वह उपस्थित नहीं हुआ। जिस पर शुक्रवार को चौकी प्रभारी उसी आईजीआरएस की जांच करने शिकायत कर्ता संतोष के घर पहुंचे। जहां शिकायत कर्ता ने पुलिस से पहले अभद्रता की और फिर पथराव कर दिया। इस पथराव में चौकी प्रभारी दीपक चोटिल हो गए और आरोपित मौके से भाग निकला।
इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रेमनगर थाना प्रभारी निरीक्षक तुलसीराम पांडे ने शनिवार काे बताया कि पुलिया नंबर नौ चौकी प्रभारी एक शिकायती पत्र की जांच करने गए थे। जिस पर सिरफिरे ने अभद्रता करते हुए पथराव कर दिया। घटना में चौकी प्रभारी पुलिया नंबर 9 दीपक धामा चोटिल हो गए। उन्होंने बताया आरोपित मौके से भाग निकला उसकी तलाश की जा रही है। मामले में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया
