हमीरपुर, 18 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के राठ कोतवाली क्षेत्र में हुई बाइक चोरी की घटना का पुलिस ने शनिवार को महज 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है, जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस की सक्रियता का संदेश गया है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह ने शनिवार को बताया कि अज्ञात चोरों द्वारा एक व्यक्ति की हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल चोरी किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू की और संदिग्धों की तलाश में जुट गई। जांच के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त हुई, जिसके आधार पर मल्होवां रोड बाईपास पुलिया के पास घेराबंदी कर दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उनकी पहचान राजेन्द्र विश्वकर्मा निवासी चकअमरपुरा जिगनी थाना चिकासी तथा दीपक श्रीवास उर्फ बन्टा निवासी पराखेड़ा थाना राठ के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की गई बाइक बरामद कर ली है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा
