
आज़मगढ़, 07 फ़रवरी (हि.स.)।

जिले के अहरौला थाना क्षेत्र स्थित तरकुलहा गांव के पास शनिवार तड़के पुलिस और गो तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक हिस्ट्रीशीटर गोतस्कर के पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। पुलिस ने मौके से अवैध तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की है।

सीओ बुढ़नपुर अजय प्रताप सिंह ने बताया कि थाना अहरौला पुलिस शनिवार तड़के इलाके में वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि ग्राम तरकूलहा की ओर सहराजा मोड़ से निजामपुर की तरफ दो गो तस्कर जा रहे हैं।
सूचना पर पुलिस ने ग्राम तरकूलहा के पास घेराबंदी कर बाइक सवार दोनों बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। चेतावनी के बावजूद नहीं मानने पर आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरा मौके से फरार हो गया।
घायल बदमाश की पहचान जाकिर उर्फ शैफ (38) निवासी कुरैशी टोला माहुल थाना अहरौला के रूप में हुई है, जो थाने का हिस्ट्रीशीटर है। मौके से एक तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद हुई है।
पुलिस की पूछताछ में घायल ने फरार साथी का नाम दिलशाद उर्फ लालू बताया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार गोतस्कर पर गोवध, हत्या, गैंगस्टर समेत कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव चौहान
