मेदिनीपुर, 06 फरवरी (हि.स.)।

एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (एआईयू) के तत्त्वावधान में पश्चिम मेदिनीपुर स्थित विद्यासागर विश्वविद्यालय द्वारा पूर्वी क्षेत्रीय अंतर-विश्वविद्यालय महिला फुटबॉल टूर्नामेंट 2025-26 का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में पूर्वी भारत के 30 विश्वविद्यालयों की महिला फुटबॉल टीमें भाग लेंगी।

प्रतियोगिता में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, कलकत्ता विश्वविद्यालय, मणिपुर विश्वविद्यालय, डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय सहित क्षेत्र के कई नामी विश्वविद्यालयों की टीमें हिस्सा लेंगी, जिससे प्रतियोगिता का स्तर बेहद प्रतिस्पर्धात्मक रहने की उम्मीद है।
विश्वविद्यालय सूत्रों के अनुसार, आगामी आठ फरवरी को टूर्नामेंट का उद्घाटन विद्यासागर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दीपक कुमार कर करेंगे। इसके बाद नौ फरवरी से 13 फरवरी तक विभिन्न चरणों में मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।
मैच विद्यासागर विश्वविद्यालय परिसर स्थित ‘खुदीराम बोस क्रीड़ांगन’ और मेदिनीपुर शहर के श्रीअरबिंदो स्टेडियम में खेले जाएंगे।
इस संबंध में कुलपति प्रो. दीपक कुमार कर ने बताया कि टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय स्तर पर महिला खेलों को प्रोत्साहित करना तथा अंतर-विश्वविद्यालय खेल प्रतियोगिताओं की गुणवत्ता और उत्कृष्टता को और सशक्त बनाना है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
