
पूर्वी सिंहभूम, 12 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा में पेपर लीक की आशंका को लेकर सियासत उबाल पर है। रविवार को जमशेदपुर महानगर के भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला उपाध्यक्ष बबुआ सिंह के नेतृत्व में साकची बड़ा गोलचक्कर पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय से पैदल मार्च करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला लेकर साकची गोलचक्कर तक के रास्ते मे सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष बबुआ सिंह ने झामुमो और कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार की घोर लापरवाही के कारण भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता पूरी तरह संदिग्ध हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक जैसी घटनाएं मेहनती और प्रतिभाशाली युवाओं के भविष्य के साथ खुला खिलवाड़ है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस दौरान पूर्व विधायक मेनका सरदार, जटाशंकर पांडेय, कल्याण शरण, संजीव सिंह, जितेंद्र राय, विजय तिवारी, प्रेम झा, ज्ञान प्रकाश, बिनोद सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
