—मिर्जामुराद राष्ट्रीय राजमार्ग पर हादसा,प्रयागराज जा रहे थे

वाराणसी, 13 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद के मिर्जामुराद राष्ट्रीय राजमार्ग —19 पर शुक्रवार को तेज रफ्तार एक ट्रक ने पूर्व काशी नरेश के वंशज डॉ अनंत नारायण सिंह की कार में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार ट्रक के अगले हिस्से में फंस कर करीब 10 मीटर तक घिसटती चली गई। संयोग ही रहा कि डॉ अनंत नारायण और उनके परिवार के सदस्यों को चोट नहीं लगी।
घटना की जानकारी पाते ही क्षेत्रीय पुलिस और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। मिली जानकारी के अनुसार डॉ अनंत नारायण सिंह अपने रामनगर स्थित किले (दुर्ग) से परिवार और सुरक्षा कर्मियों के साथ प्रयागराज जनपद के लिए रवाना हुए। उनकी कार मिर्जामुराद के समीप नेशनल हाईवे-19 पर जैसे ही पहुंची अचानक पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई। मिर्जामुराद पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क किनारे खड़ा कराने के बाद हाईवे पर यातायात को को सामान्य कराया। तब तक हादसे की जानकारी पाते ही रामनगर किले से सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंच गए।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी
