गुवाहाटी, 30 जनवरी (हि.स.)। निदेशालय जनरल पुनर्वास (डायरेक्टोरेट जनरल रिसेटलमेंट–डीजीआर) द्वारा आज गुवाहाटी के नारंगी मिलिट्री स्टेशन में पूर्व सैनिकों के लिए एक मेगा जॉब फेयर का सफल आयोजन किया गया। इस जॉब फेयर का उद्देश्य पूर्व सैनिकों को कॉरपोरेट जगत से जोड़ते हुए उनके लिए सार्थक द्वितीय करियर के अवसर उपलब्ध कराना था।

कार्यक्रम में 50 से अधिक प्रतिष्ठित कॉरपोरेट संगठनों ने भाग लिया, जिनके माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 700 पदों की पेशकश की गई। जॉब फेयर में 700 से अधिक पूर्व सैनिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नियोक्ताओं से सीधे संवाद किया और सैन्य सेवा के दौरान अर्जित अपने कौशल, अनुभव और नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर कॉरपोरेट गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में आईटीसी के एचआर हेड मेजर (सेवानिवृत्त) रूपम तालुकदार तथा सैन्य गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में सेना मेडल से सम्मानित लेफ्टिनेंट जनरल मोहित वाधवा उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने पूर्व सैनिकों और कॉरपोरेट प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कॉरपोरेट क्षेत्र में सैन्य अनुशासन, अनुकूलन क्षमता और नेतृत्व के महत्व को रेखांकित किया।
कार्यक्रम में डीजीआर के महानिदेशक मेजर जनरल एसबीके सिंह (सेना मेडल) तथा राज्य सैनिक बोर्ड के अध्यक्ष ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) पोलाश चौधरी (सेना मेडल) भी मौजूद रहे। उन्होंने पूर्व सैनिकों के सम्मानजनक एवं सुचारु पुनर्वास के प्रति डीजीआर की प्रतिबद्धता को दोहराया।
सभा को संबोधित करते हुए मेजर जनरल एसबीके सिंह ने कहा कि यह जॉब फेयर पूर्व सैनिकों की प्रतिभा और उद्योग जगत की आवश्यकताओं के बीच की खाई को पाटने की दिशा में डीजीआर के निरंतर प्रयासों का उदाहरण है। उन्होंने कॉरपोरेट संगठनों और पूर्व सैनिकों की उत्साहजनक भागीदारी पर संतोष व्यक्त किया।
जॉब फेयर का समापन सकारात्मक माहौल में हुआ, जहां कई पूर्व सैनिकों को मौके पर ही रोजगार प्रस्ताव प्राप्त हुए। यह आयोजन उनके सफल नागरिक जीवन में संक्रमण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश
