आसनसोल, 04 अप्रैल (हि. स.)।

पश्चिम बर्दवान जिले में पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस के तीन उम्मीदवारों ने अनोखे तरीके से विरोध जताया। शनिवार को तीनों उम्मीदवार साइकिल चलाकर नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचे।
पांडवेश्वर विधानसभा सीट के कांग्रेस उम्मीदवार उत्तम कुमार राय, दुर्गापुर पूर्व के उम्मीदवार देवेश चक्रवर्ती और रानीगंज के उम्मीदवार फैयाज अहमद ने दुर्गापुर के सिटी सेंटर इलाके से एक साथ साइकिल यात्रा शुरू की। इसके बाद वे साइकिल चलाकर ही दुर्गापुर के महकमा अधिकारी (एसडीओ) कार्यालय पहुंचे और वहां अपना नामांकन दाखिल किया।
जिलाध्यक्ष देवेश चक्रवर्ती समेत उम्मीदवारों का कहना था कि पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों का आम लोगों के जीवन पर गहरा असर पड़ रहा है। रोजमर्रा की जरूरत की चीजों के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम जनता पर आर्थिक दबाव बढ़ता जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को उजागर करने और आम लोगों का ध्यान आकर्षित करने के लिए ही नामांकन के समय इस तरह का प्रतीकात्मक और अनोखा विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस नेतृत्व के अनुसार, इस पहल का मुख्य उद्देश्य लोगों को बढ़ती महंगाई के प्रति जागरूक करना था।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा
