कानपुर, 16 मार्च (हि.स.)। जनपद में घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है और उपभोक्ताओं को बुकिंग के क्रम के अनुसार नियमित रूप से सिलेंडरों की होम डिलीवरी की जा रही है। गैस एजेंसियों की सतत निगरानी की जा रही है और आपूर्ति में किसी प्रकार की कमी नहीं है। अफवाहों के कारण बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं द्वारा एक साथ बुकिंग कराए जाने से बुकिंग का आंकड़ा बढ़ा हुआ दिखाई दे रहा है। यह बातें सोमवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहीं।

5 दिन में पैनिक से 1.76 लाख से बढ़कर 4.90 लाख पहुंची बुकिंग
जिला पूर्ति अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि 11 से 15 मार्च 2025 के बीच जनपद में कुल 1,76,722 गैस सिलेंडरों की बुकिंग हुई थी, जबकि इसी अवधि में वर्ष 2026 में यह संख्या बढ़कर 4,90,658 हो गई। यानी पांच दिनों में बुकिंग लगभग तीन गुना बढ़ गई। इस दौरान 14 मार्च को 1,01,628 और 15 मार्च को 1,02,526 सिलेंडरों की बुकिंग दर्ज की गई, जो सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक है।
सिलेंडर की डिलीवरी बढ़ी: 11–15 मार्च 2025 बनाम 2026 की तुलना
उन्होंने बताया कि सिलेंडरों की डिलीवरी लगभग सामान्य स्तर पर हो रही है। 11 मार्च 2025 को 20,224 सिलेंडरों की डिलीवरी हुई थी, जबकि 11 मार्च 2026 को 17,454 सिलेंडर वितरित किए गए। 12 मार्च 2025 को 28,999 के मुकाबले 12 मार्च 2026 को 19,353 सिलेंडर दिए गए। 13 मार्च 2025 को 30,977 सिलेंडर वितरित हुए थे, जबकि 13 मार्च 2026 को 26,883 सिलेंडरों की डिलीवरी की गई।
इसी तरह 14 मार्च 2025 को 18,200 के मुकाबले 14 मार्च 2026 को 28,457 सिलेंडर वितरित किए गए, जबकि 15 मार्च 2025 को 17,100 के मुकाबले 15 मार्च 2026 को 25,126 सिलेंडर वितरित किए गए। कुल मिलाकर 11 से 15 मार्च 2025 के बीच 1,15,500 और इसी अवधि में 2026 में 1,17,273 सिलेंडरों की डिलीवरी की गई है।
बुकिंग के क्रम से हो रही होम डिलीवरी, एजेंसियों की निगरानी
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनियों के माध्यम से नियमित रूप से सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है। प्रशासन द्वारा गैस एजेंसियों की लगातार निगरानी की जा रही है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि जिसकी बुकिंग पहले है उसे पहले सिलेंडर मिले।
कंट्रोल रूम को 75 शिकायतें प्राप्त, 33 का निस्तारण
जिलापूर्ति अधिकारी ने बताया कि 16 मार्च को जिलापूर्ति कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम में लैंडलाइन के माध्यम से 57 तथा व्हाट्सएप के माध्यम से 18 शिकायतें प्राप्त हुईं, यानी कुल 75 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 33 शिकायतों का निस्तारण करते हुए उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध करा दिया गया है, जबकि शेष शिकायतों के निस्तारण की कार्रवाई जारी है। उपभोक्ता एलपीजी गैस आपूर्ति से संबंधित शिकायतें 0512-2988763 (लैंडलाइन) और 6394616122 (व्हाट्सएप) नंबर पर दर्ज करा सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
