मुंबई, 28 जनवरी (हि.स.)। पालघर जिले के बोईसर में सोने के गहनों को पॉलिश करने का झांसा देकर एक बुजुर्ग महिला से ठगी करने वाले दो शातिर अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुनील जाधव के नेतृत्व में की गई, जिसमें आरोपियों के पास से 45.320 ग्राम सोने के गहने बरामद हुए हैं।

पुलिस के अनुसार, 13 जनवरी 2026 को 73 वर्षीय हंसी देवी रौतेला सब्जी खरीदने के बाद आईसीआईसीआई बैंक के पास रुकी थीं। तभी दो अज्ञात व्यक्तियों ने उनसे बातचीत कर गले की चेन और चार चूड़ियां पॉलिश करने के बहाने उतरवा लीं और कागजों से भरा रूमाल थमाकर फरार हो गए। ठगी की कीमत करीब 3.50 लाख रुपये बताई गई।

पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख के निर्देश पर गठित टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर ठाणे निवासी धीरज उर्फ पापा राठोड और मुंबई के अंधेरी निवासी दिनेश सोलंकी को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ पहले से धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। मामले की आगे की जांच पुलिस कर रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / जे सिंह
