खूंटी, 28 फ़रवरी (हि.स.)। बैंक ऑफ इंडिया की ओर से 10 दिवसीय पॉली हाउस और शेड नेट फार्मिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन शनिवार को समारोहपूर्वक किया गया। यह प्रशिक्षण 19 फरवरी से 28 फरवरी तक आयोजित किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए 31 प्रशिक्षुओं ने भाग लिया।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को उन्नत बीज और खाद के उपयोग, खेती में कीटनाशकों के संतुलित प्रयोग, कम्पोस्ट खाद निर्माण एवं मौसमी फसलों के वैज्ञानिक प्रबंधन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़कर उन्हें स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना रहा।

समापन अवसर पर नेशनल अकादमी ऑफ रुसेटी से आए मूल्यांकनकर्ताओं की ओर से सभी प्रशिक्षुओं का आकलन और प्रमाणीकरण किया गया। उन्होंने प्रत्येक प्रतिभागी से व्यक्तिगत रूप से प्रशिक्षण से प्राप्त अनुभवों की जानकारी ली।
वरिष्ठ संकाय सुनील कुमार ने प्रशिक्षणार्थियों को व्यवसाय से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी और वर्तमान बैंकिंग सुविधाओं और योजनाओं से अवगत कराया। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। समापन समारोह में सभी 31 प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र देकर कर सम्मानित किया गया।
प्रशिक्षण के उपरांत सभी प्रतिभागियों ने केसीसी ऋण आवेदन प्रपत्र भरा, ताकि उन्हें व्यवसाय आरंभ करने में पूंजी की समस्या न हो। बैंक की ओर से जल्द ऋण उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया। वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक 719 प्रशिक्षुओं को विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जोड़ा जा चुका है। संस्थान वर्षभर निःशुल्क प्रशिक्षण देकर युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का कार्य कर रहा है, जिससे जिले में पलायन जैसी समस्या को रोका जा सके।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा
