प्रतापगढ़, 21 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 7562 किसानों को बड़ी राहत मिली है। शनिवार को खरीफ 2025 में फसल क्षति के मुआवजे के तौर पर कुल ₹1,17,84,782 की राशि सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से हस्तांतरित की गई है।

यह वितरण कार्यक्रम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश और जनपद स्तर पर आयोजित किया गया। प्रतापगढ़ में यह आयोजन एनआईसी सभागार और कृषि भवन में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। पात्र किसानों का चयन फसल कटाई प्रयोग के आधार पर किया गया था। उन्हें ‘वन क्लिक’ डीबीटी के जरिए भुगतान किया गया, जिससे प्रक्रिया में पारदर्शिता और भुगतान में तेजी सुनिश्चित हुई।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दिव्या मिश्रा ने लाभार्थी किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर उप कृषि निदेशक विनोद कुमार यादव, जिला उद्यान अधिकारी सुनील कुमार शर्मा, बीमा प्रतिनिधि अभिज्ञान सिंह, योगेश कुमार सहित कई अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। किसानों ने समय पर बीमा क्षतिपूर्ति मिलने पर शासन-प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / दीपेन्द्र तिवारी
