प्रतापगढ़, 31 जनवरी (हि.स.)। प्रतापगढ़ जिले के पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने शनिवार को सांगीपुर पुलिस थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया।

जनसुनवाई के मामले में लापरवाही बरतने पर यह कार्रवाई की गई है।
एसपी ने बताया कि जनसुनवाई को गंभीरता से न लेने और फरियादियों की शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने पर सांगीपुर थाना प्रभारी राजेंद्र त्रिपाठी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों पर समयबद्ध और संतोषजनक कार्रवाई न होने की शिकायतें लगातार उच्चाधिकारियों तक पहुंच रही थीं। मामले की प्रारंभिक जांच में थाना प्रभारी की कार्यशैली में गंभीर लापरवाही सामने आने पर यह सख्त कदम उठाया है। निलंबन के साथ ही विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं।
एसपी ने बताया कि जनसुनवाई आम जनता के विश्वास से जुड़ा विषय है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में भी शिकायतों के निस्तारण में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
—————-
हिन्दुस्थान समाचार / दीपेन्द्र तिवारी
