प्रतापगढ़, 25 मार्च (हि.स.)। प्रतापगढ़ जिले में उत्तर प्रदेश सरकार के ’‘नवनिर्माण के 9 वर्ष’’ संकल्प से सिद्धि, सुरक्षा-सुशासन-समृद्धि’ पूरे होने व केन्द्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने पर बुधवार को तुलसीसदन सभागार में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये गये एवं आम जनमानस को योजनाओं की जानकारी प्रदान की गयी।

विधायक सदर ने पत्रकार वार्ता के दौरान नवनिर्माण के 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बताया कि लोगों के बेहतर आवागमन हेतु कई सेतुओं का निर्माण कराया गया। जिसमें जिरियामऊ, बकुलाही, करौंदी, गंगा नदी घाट पर एक्स्ट्रा डोज्ड केबल स्टे सेतु आदि है। जनपद में मेडिकल कालेज, 100 बेडेड संयुक्त चिकित्सालय, बैरमपुर सुवंशा में 50 बेडेड संयुक्त चिकित्सालय, जिला महिला चिकित्सालय, प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों का निर्माण कराया गया है।
विधायक ने बताया कि जनपद में राजकीय पालीटेक्निक, आईटीआई, माध्यमिक विद्यालय चलाकपुर, कस्तूरबा गांधी, राजकीय इण्टर कालेज, डिग्री कालेज, नगर पालिका परिषद बेल्हा में 50 टी0पी0डी0 के सॉलिड वेस्ट मैनेजमेन्ट प्लान्ट का निर्माण, मण्डी परिषद का आधुनिकीकरण, आवासीय एवं अनावसीय भवनों का निर्माण, पुलिस थानों का निर्माण कार्य कराया गया। जनपद में धार्मिक स्थलों का सौन्दर्यीकरण बड़े पैमाने पर कराया गया।
प्रधानमंत्री अवास योजना ग्रामीण व शहरी तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत लोगों को आवास की सुविधा उपलब्ध करायी गयी। रोजगार मेलो का आयोजन कर युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया गया। जल जीवन मिशन के अन्तर्गत जनपद के 492 राजस्व ग्रामों में जलापूर्ति की जा रही है। जनपद में रूपये 1954.19 करोड़ के 446 निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुये है, इन प्रस्तावों के सापेक्ष कुल रूपये 1570.26 करोड़ के 170 एम0ओ0यू0 सफलतापूर्वक हस्ताक्षरित किये जा चुके है। ग्राउण्ड ब्रेकिंग सेरेमनी जी0बी0सी0 4.0 एवं 5.0 के अन्तर्गत स्वीकृत 73 परियोजनाओं में से 65 परियोजनायें व्यवसायिक रूप से संचालन में आ चुकी है।
विधायक ने बताया कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत गोल्डेन कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, वृद्धावस्था, निराश्रित महिला पेंशन व दिव्यांग पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, कन्या विवाह सहायता योजना सहित अन्य योजनाओं से लाभार्थियों को 9 वर्षो में लाभान्वित कराया गया।
उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड-19) के तहत बच्चों को लैपटॉप वितरित किए गए। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन एवं वृद्धावस्था पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति/प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कृषि विभाग के लाभाथियों को फार्म मशीनरी बैंक, कस्टम हायरिंग सेन्टर, पीएम किसान सम्मानि निधि, 03 एचपी डीसी व 05 एचपी एसी सोलर पम्प का प्रमाण पत्र, पीएम स्वनिधि योजना व प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के के लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र, आरसेटी के प्रशिक्षण प्राप्त लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, पंचायती राज विभाग के सचिव, सफाई कर्मी एवं केयर टेकर को प्रमाण पत्र, श्रम विभाग के मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद व कन्या विवाह योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देते हुए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को 26 करोड़ 55 लाख 30 हजार रुपये के डेमो चेक प्रदान किए गए। कार्यक्रम मे जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी, शिक्षक विधायक के प्रतिनिधि अभिमन्यु सिंह, भाजपा के जिला महामंत्री राजेश सिंह, भाजपा मीडिया प्रभारी राघवेन्द्र शुक्ला आदि उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दीपेन्द्र तिवारी
