रांची, 17 मार्च (हि.स.)। सहज योग परिवार के लिए यह अत्यंत गर्व और खुशी का विषय है कि अमेरिका के न्यू मिलफोर्ड नगर प्रशासन ने पूज्य श्री माताजी निर्मला देवी के सम्मान में एक ऐतिहासिक घोषणा की है। मेयर कार्यालय द्वारा 9 मार्च को जारी आधिकारिक घोषणा के अनुसार, अब हर वर्ष 21 मार्च को ‘निर्मला देवी दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा।

इस अंतरराष्ट्रीय सम्मान के उपलक्ष्य में सहज योग केंद्र, रांची द्वारा भी 21 मार्च को श्री माताजी की जयंती अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जाएगी। यह आयोजन रांची के मनातू रिंग रोड स्थित निर्मल धाम में आयोजित होगा, जहां बड़ी संख्या में साधक और श्रद्धालु शामिल होंगे।
कार्यक्रम के दौरान ध्यान, भजन, सामूहिक प्रार्थना और श्री माताजी के जीवन व उनके आध्यात्मिक संदेशों पर विशेष प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इस संबंध में सहज योग केंद्र, रांची की ओर से मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी गई। केंद्र के अनुसार, यह घोषणा केवल एक औपचारिक सम्मान नहीं, बल्कि उस महान आध्यात्मिक विरासत की वैश्विक स्वीकृति है, जिसे श्री माताजी ने पूरी मानवता को प्रदान किया।
गौरतलब है कि श्री माताजी निर्मला देवी का जन्म 21 मार्च 1923 को भारत में हुआ था। उनका संपूर्ण जीवन सत्य, करुणा, शांति और आध्यात्मिक जागृति के संदेश से परिपूर्ण रहा। उन्होंने विश्व को सहज योग की दिव्य साधना प्रदान की, जिसके माध्यम से लाखों लोगों ने आत्म-साक्षात्कार का अनुभव किया और अपने जीवन में शांति, संतुलन तथा आंतरिक आनंद प्राप्त किया।
भारत के स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान उन्होंने महात्मा गांधी के साथ कार्य किया और उनके आदर्शों से प्रेरणा ली। आगे चलकर उन्होंने सहज योग की स्थापना कर विश्व के अनेक देशों में आध्यात्मिक चेतना का प्रसार किया।
रांची में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम न केवल श्रद्धालुओं के लिए विशेष महत्व रखता है, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा, शांति और आध्यात्मिक जागरूकता फैलाने का भी एक महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।—————-
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak
