कोलकाता, 13 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ब्रिगेड परेड ग्राउंड में होने वाली रैली को देखते हुए कोलकाता पुलिस ने शहर में विशेष ट्रैफिक निर्देश जारी किए हैं। रैली शनिवार को आयोजित होने वाली है।

पुलिस की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, एस्प्लानेड रैंप, के.पी. रोड, हॉस्पिटल रोड, लवर्स लेन, कैसुआरिना एवेन्यू और क्वीन्सवे सहित कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक नियंत्रण लागू रहेगा।
इसके साथ ही 14 मार्च को सुबह चार बजे से रात आठ बजे तक कोलकाता पुलिस क्षेत्र में सभी प्रकार के मालवाहक वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाया गया है।
हालांकि एलपीजी सिलेंडर, सीएनजी, पेट्रोलियम उत्पाद, तेल, लुब्रिकेंट, ऑक्सीजन, सब्जियां, दवाइयां, फल, मछली और दूध ले जाने वाले वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है।
पार्किंग को लेकर भी विशेष प्रतिबंध लगाए गए हैं। 14 मार्च को विक्टोरिया मेमोरियल के आसपास के क्षेत्रों में और एजेसी बोस रोड के हेस्टिंग्स क्रॉसिंग से कैथेड्रल रोड तक किसी भी वाहन की पार्किंग पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी।इसके अलावा खिदिरपुर रोड, हॉस्पिटल रोड, क्वीन्सवे, कैथेड्रल रोड और कैसुआरिना एवेन्यू पर भी पार्किंग की अनुमति नहीं होगी।
पुलिस ने बताया कि वीवीआईपी काफिले और रैली के जुलूस के मार्ग के अनुसार आवश्यकता पड़ने पर अन्य सड़कों से भी यातायात को मोड़ा जा सकता है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
