सोनीपत, 27 फ़रवरी (हि.स.)। हरियाणा के सोनीपत स्थित ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी के एसोसिएट प्रोफेसर सरोवर जैदी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के आरोप में एक सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने आदेश जारी करते हुए एक फरवरी से 31 जुलाई 2026 तक निलंबन प्रभावी किया है। यह कार्रवाई हरियाणा मानवाधिकार आयोग में दायर शिकायत के बाद की गई।

आयोग में प्रस्तुत शिकायत में एक छात्र के अभिभावक ने आरोप लगाया कि सात नवंबर

2025 को पॉलिटिक्स ऑफ रिप्रेजेंटेशन पाठ्यक्रम
की कक्षा के दौरान प्रोफेसर ने प्रधानमंत्री की तुलना जर्मनी के तानाशाह एडॉल्फ हिटलर
से की तथा राष्ट्रीय सुरक्षा अभियानों को दिखावा बताया। शिकायत में यह भी कहा गया कि
केंद्र सरकार और भारतीय सेना की प्रशंसा करने पर छात्र को कक्षा में अपमानित किया गया।
मामले को गंभीर मानते हुए आयोग ने शिक्षा विभाग, विश्वविद्यालय, विश्वविद्यालय अनुदान
आयोग और पुलिस से प्रतिवेदन मांगा है।
विश्वविद्यालय की ओर से इस विषय पर कोई विस्तृत सार्वजनिक वक्तव्य जारी नहीं
किया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने संकेत दिया है कि आयोग के निर्देशों की समीक्षा की जा रही
है और निर्धारित समय में प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाएगा। विश्वविद्यालय की नियमावली
में कक्षा के भीतर भेदभावपूर्ण टिप्पणी, उत्पीड़न या अनुचित व्यवहार पर सख्त कार्रवाई
का प्रावधान है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, निलंबन का निर्णय शिकायत प्राप्त होने और आयोग
में सुनवाई प्रारंभ होने के बाद लिया गया। प्रकरण अभी जांच के अधीन है तथा अंतिम निर्णय
आयोग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा। विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों
की सुरक्षा, निष्पक्ष शैक्षणिक वातावरण और अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना
