कोलकाता, 13 मार्च (हि. स.)। कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में ,की प्रस्तावित सभा को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने व्यापक स्तर पर तैयारियां आरंभ कर दी हैं।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, सभा को जनसमूह से परिपूर्ण करने के उद्देश्य से उत्तर बंगाल से लगभग एक लाख लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का लक्ष्य पार्टी नेतृत्व ने निर्धारित किया है। इसी परिप्रेक्ष्य में उत्तर बंगाल के आठ लोकसभा क्षेत्रों के लिए कुल 16 विशेष ट्रेनों को किराये पर लेने की तैयारी चल रही है।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि कार्यकर्ता, समर्थक, नेता-नेत्री तथा आम नागरिकों को प्रधानमंत्री की सभा में पहुंचने के दौरान किसी प्रकार की असुविधा या व्यवधान का सामना न करना पड़े, इसके मद्देनज़र इन विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की गई है। बताया गया है कि इन ट्रेनों का किराया पूर्व में ही रेल मंत्रालय को अदा कर दिया गया है।
उत्तर बंगाल के विभिन्न जिलों के अतिरिक्त मालदा से भी दो जोड़ी ट्रेनों की व्यवस्था की गई है। 13 मार्च को निर्धारित समय पर ये ट्रेनें कोलकाता के लिए प्रस्थान करेंगी तथा 14 मार्च को सभा समाप्त होने के उपरांत उसी दिन पुनः वापस लौटेंगी। यात्रियों के लिए आवागमन की व्यवस्था पूर्णतः निःशुल्क रखी गई है, साथ ही भोजन की भी समुचित व्यवस्था की गई है।
इधर, इस व्यापक आयोजन को लेकर तृणमूल कांग्रेस, कांग्रेस तथा माकपा ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। शुक्रवार को तृणमूल के जिलाध्यक्ष अब्दुर रहीम बक्सी तथा कांग्रेस सांसद ईशा खान चौधरी ने इस बड़े खर्च के स्रोत को लेकर प्रश्न खड़े किए हैं। हालांकि, भाजपा का कहना है कि कार्यकर्ता-समर्थकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह प्रबंध किया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
