प्रयागराज, 16 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित नैनी थाने की पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए गुरुवार को दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने आरोपितों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण और 1.70 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, छोटा चाका और शक्ति नगर क्षेत्र में बंद घरों को निशाना बनाकर नकबजनी की घटनाएं हुई थीं। इन मामलों में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम लगातार आरोपितों की तलाश कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर इन्दलपुर पार्किंग के पास से रोहित कुमार और मोहित कुमार को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि रोहित बंद मकानों की रेकी कर चोरी करता था, जबकि मोहित पेशे से सुनार है और चोरी के आभूषणों को खरीदकर गलाकर बेच देता था। बरामद 1.70 लाख रुपये उसी बिक्री की रकम है। पुलिस ने दोनों के पास से बड़ी मात्रा में पीली व सफेद धातु के आभूषण भी बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही अन्य संभावित घटनाओं में इनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
डीसीपी यमुनानगर का बयान
विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि नैनी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी के आभूषण और नकदी बरामद हुई है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल
