सुलतानपुर, 05 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर खड़े एक ट्रक में रविवार को ड्राइवर का शव बरामद किया गया है।

पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने रविवार को बताया कि प्रयागराज निवासी गाड़ी मालिक संजय खत्री ने बताया कि उनका ट्रक बहराइच से लौट रहा था। ड्राइवर से सम्पर्क न होने पर उन्होंने जीपीएस (GPS) के माध्यम से ट्रक को ट्रैक किया। ट्रक की लोकेशन लखनऊ-वाराणसी रोड पर 400 केवी पावर हाउस (गेट नंबर 3) के पास मिली। मौके पर पहुंचने पर मालिक ने ट्रक के भीतर ड्राइवर का शव पड़ा देखा।
मृतक की पहचान प्रयागराज निवासी प्रदीप कुमार यादव (25) के रूप में हुई है। प्रदीप का शव ट्रक की नॉन-ड्राइवर सीट पर पड़ा मिला। उसके सिर पर चोट के निशान थे और काफी खून बह चुका था। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं।
मालिक के मुताबिक, प्रदीप पिछले 15-20 दिनों से बिहार और महाराष्ट्र के रूट पर था। आशंका है कि उसके पास कुछ नकदी थी, जो मौके से गायब मिली है। हालांकि, मृतक का एंड्रॉइड मोबाइल फोन ट्रक के भीतर शव के पास ही सुरक्षित पाया गया। पुलिस अब हाईवे के टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से ट्रक की आवाजाही को ट्रैक कर रही है। इससे वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की पहचान और घटना के तरीके का पता लगाने में मदद मिलेगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त
