प्रयागराज, 05 मार्च (हि.स.)। होली पर्व को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए प्रयागराज पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस उपायुक्त नगर ने अधिकारियों के साथ शहर के संवेदनशील व भीड़भाड़ वाले इलाकों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। प्रयागराज में 6 मार्च तक हाेली पर्व मनाया जाएगा।

पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने अपर पुलिस उपायुक्त नगर व एसीपी कोतवाली के साथ लोकनाथ, ठठेरी बाजार समेत मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों और अन्य भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण किया।

भ्रमण के दौरान अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए, ताकि होली पर्व के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रहे और आमजन सुरक्षित माहौल में त्योहार मना सकें।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि होली पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की गई है। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल
