कोलकाता, 25 जनवरी (हि. स.)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रसिद्ध पत्रकार मार्क टली के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि मार्क टली के निधन से वह बेहद दुखी हैं।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में लिखा कि कलकत्ता में जन्मे मार्क टली ने बीबीसी के लिए भारत को कवर करते हुए लंबे समय तक काम किया और भारत से उनका गहरा लगाव था। उन्होंने भारत को न केवल करीब से समझा, बल्कि दिल से अपनाया। ममता बनर्जी ने कहा कि भारत में लोग उन्हें “अपने ही लोगों में से एक” मानते थे।
अपने शोक संदेश में मुख्यमंत्री ने दिवंगत पत्रकार के परिवार, मित्रों और उनके असंख्य प्रशंसकों के प्रति संवेदना प्रकट की।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
