मुंबई, 02 फरवरी (हि.स.)। कौशल विकास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने सोमवार को कहा कि प्राकृतिक तेल और गैस की बचत करना देश की सेवा है। विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ईंधन बचत का संकल्प है। जनभागीदारी से देश इस लक्ष्य को प्राप्त करेगा। तेल और गैस का संरक्षण करना अर्थात हरित ऊर्जा को अपनाना है। यह हम सभी का सामाजिक दायित्व है।

मुंबई के प्रभादेवी स्थित रविंद्र नाट्य मंदिर में केंद्रीय पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस मंत्रालय और राज्य सरकार के सहयोग से विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ‘संरक्षण क्षमता महोत्सव 2025-26’ का शुभारंभ मंत्री लोढ़ा की अध्यक्षता में किया गया। लोढ़ा ने कहा कि इस महोत्सव का उद्देश्य जीवाश्म ईंधनों की बर्बादी को कम करना, विदेशी मुद्रा पर बढ़ते भार को रोकना और ग्रीनहाउस गैसों से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान को कम करना है।
लोढ़ा ने कहा कि आज विश्वभर में ऊर्जा की अत्यधिक मांग है और वैश्विक राजनीति तेल के इर्द-गिर्द केंद्रित है। ईंधन की बचत करना देश की प्रगति में योगदान देना है। सार्वजनिक परिवहन का अधिकाधिक उपयोग कर तेल की बचत की जा सकती है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में राज्य में हरित ऊर्जा को प्राथमिकता दी जा रही है। इस अवसर महाराष्ट्र राज्य के पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस के राज्यस्तरीय समन्वयक उमेश कुलकर्णी, महाराष्ट्र बीपीसीएल के प्रमुख रिटेल (पश्चिम) थॉमस जेम्स, एमएच-1 व गोवा के बीपीसीएल राज्य प्रमुख (रिटेल) मिहिर जोशी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार
