
देवरिया, 10 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में देवरिया जिले के जनपद के मईल थाना क्षेत्र में एक प्रेमी जब अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा ताे पकड़कर पंचायत और परिजनाें की सहमति के बाद दाेनाें की शादी करवा दी गई। इस पूरे मामले का वीडियाे अब तेजी से सार्वजनिक हाे रहा है, जाे लाेगाें में चर्चा का विषय बना हुआ हैं।

यह पूरा मामला मईल थाना क्षेत्र के तेलिया कला गांव का हैं। यहां का रहने वाला युवक का भाटपाररानी थाना क्षेत्र के महुजा गांव की एक युवती से लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा था। युवक अक्सर युवती से मिलने उसके गांव जाया करता था। छह फरवरी को भी वह प्रेमिका से मिलने महुजा गांव पहुंचा था। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों की नजर उस पर पड़ गई और उन्होंने युवक को पकड़ लिया।

घटना की जानकारी मिलने पर दोनों पक्षों के परिजनों को बुलाया गया। इसके बाद ग्राम प्रधान की मौजूदगी में गांव में पंचायत बुलाई गई। पंचायत में काफी देर तक बातचीत चली और प्रेम संबंध को लेकर दोनों पक्षों की राय जानी गई। चर्चा के दौरान ग्राम प्रधान ने सामाजिक मर्यादा का हवाला देते हुए युवक और युवती की शादी कराने का प्रस्ताव रखा।
कुछ विचार-विमर्श के बाद दोनों परिवार इस प्रस्ताव पर सहमत हो गए। इसके बाद बिना किसी शुभ मुहूर्त और तामझाम के तत्काल एक पंडित को बुलाया गया। गांव के ही एक घर के कमरे में सादगीपूर्ण तरीके से विवाह की रस्में पूरी कराई गईं। युवक और युवती ने अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए और एक-दूसरे के साथ जीवन भर निभाने की शपथ ली। शादी के दौरान दोनों गांवों के प्रधान सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। हालांकि किसी तरह का बड़ा भोज आयोजित नहीं किया गया, लेकिन मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की गई। युवती की विदाई 13 फरवरी को तय की गई है। पंचायत में कराई गई शादी और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। फिलहाल यह मामला पूरे इलाके में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
——————
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक
