प्रयागराज, 01 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित फाफामऊ थाना क्षेत्र के मोरहूं गांव में रविवार को एक युवक का शव घर से कुछ दूर स्थित प्लाट में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने रविवार को जानकारी देते बताया कि फाफामऊ थाना क्षेत्र के मोरहूं गांव निवासी अजीत यादव (38) का शव पैतृक घर से लगभग पांच सौ मीटर दूर स्थित उसी के प्लाट में रविवार सुबह फंदे लटका पाया गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की। स्थानीय लोगों के अनुसार, अंजीत यादव के पिता गांव के प्रधान रह चुके हैं, जबकि उनके भाई सुरेंद्र यादव वर्तमान में पार्षद हैं।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस ने कहा कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल
