फतेहपुर, 17 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में शनिवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-2 पर घने कोहरे के कारण एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में लगभग 10 वाहन आपस में टकरा गए, जिसमें लगभग 15 लोग घायल हो गए।

मलवां थाना क्षेत्र के सौंरा गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्घटना में रोडवेज बस, अर्टिगा कार, डंपर, लोडर व ट्रक सहित कई वाहन शामिल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आज सुबह के समय घना कोहरा छाया हुआ था। दृश्यता बेहद कम थी। कम दृश्यता के कारण एक के बाद एक वाहन आपस में भिड़ते चले गए। हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। यातायात बाधित हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहनों से बाहर निकाला गया। उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी शहर वीर सिंह ने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है लेकिन प्राथमिक तौर पर घना कोहरा और कम दृश्यता ही दुर्घटना की मुख्य वजह बताई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार
