फतेहपुर, 11 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के सुजानपुर गांव की प्रधान हेमलता पटेल को ‘राष्ट्रीय सशक्त नेत्री पंचायत सम्मेलन’ में बुधवार को सम्मानित किया गया।

विकास खंड बहुआ की ग्राम पंचायत सुजानपुर की प्रधान व गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष हेमलता पटेल को नई दिल्ली स्थित डॉ. अम्बेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित सम्मेलन के मुख्य अतिथि केंद्रीय पंचायती राज मंत्री, विभागीय सचिव और यूनिसेफ (UNICEF) जैसी अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान देश भर से आई चुनिंदा महिला प्रतिनिधियों के जीवन संघर्षों और सफलता की कहानियों को प्रसारित किया गया, जिसमें हेमलता पटेल के संघर्ष और सुजानपुर महिला हितैषी ग्राम पंचायत बनाने के मॉडल को विशेष रूप से प्रशंसा मिली। स्क्रीन पर दिखाई गई सफलता की कहानी ने उपस्थित जनसमूह को प्रेरित किया।
प्रधान हेमलता पटेल ने कॉल से इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डॉ. अम्बेडकर इंटरनेशनल सेंटर जैसे प्रतिष्ठित मंच पर केंद्रीय नेतृत्व और यूनिसेफ के प्रतिनिधियों के बीच मेरे कार्यों को पहचान मिलना गौरव की बात है। यह सम्मान हमारी पंचायत के प्रत्येक नागरिक और फतेहपुर जनपद के विश्वास की जीत है। इससे हमें ग्रामीण विकास और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में और अधिक ऊर्जा के साथ काम करने की प्रेरणा मिली है।————-
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार
