फतेहाबाद, 18 मार्च (हि.स.)। इनेलो ही जनहितैषी पार्टी है जो पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह के नेतृत्व में आमजन के हकों की लड़ाई लड रही है।यह बात इनेलो के प्रदेश प्रधान महासचिव गौरव संपत सिंह ने बुधवार को क्षेत्र के गांव बनगांव, सरवरपुर, बनमंदोरी, मेहूवाला के दौरे के दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान उन्होंने पार्टी द्वारा 23 मार्च को शहीदी दिवस पर नरवाना में आयोजित किए जाने वाले युवा सम्मेलन का निमंत्रण भी दिया। गौरव संपत सिंह ने कहा कि इनेलो ने ही बुजुर्गो की बंद की गई पेंशन की लड़ाई लड़ी और सरकार को मजबूरन उसे फिर से लागू करना पडा। अब युवाओं के हकों की लड़ाई को लेकर पार्टी द्वारा युवा सम्मेलन किया जा रहा है ताकि प्रदेश के युवाओं को रोजगार मिल सके। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी के कारण ही प्रदेश के कई युवा रास्ता भटक गए हैँ और नशे की और उनका झुकाव हुआ है जिस कारण परिवार के परिवार बर्बाद हो रहे हैं और सरकार नशे पर रोक लगाने में नाकामयाब रही है। गौरव सम्पत सिंह ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं की नीयत तो राज्यसभा के चुनाव में स्पष्ट हो ही गई है कि उन्हें केवल अपने हितों की चिंता है नाकि प्रदेश की जनता के हितों की जिन्होंने उन्हें जिताकर विधानसभा में भेजने का काम किया। इनेलो नेता ने कहा कि आज प्रदेश की जनता के लिए एकमात्र विकल्प है वो है इनेलो जोकि आमजन के हकों की लडाई लडने का काम कर रही है। इस अवसर पर रायसिंह खीचड़, भारत ढिंगसरा, राजेन्द्र अंबेडकर, विजय नंबरदार, मनोज सहारण, महेंद्र देहडू, विनोद पिलानिया, अरविंद गोदारा और सोहन नंबरदार सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा
