फतेहाबाद, 27 जनवरी (हि.स.)। जिले के गांव ढाणी माजरा निवासी एक युवक द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने के मामले में आखिरकार मंगलवार को मृतक का फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया गया। युवक के परिजन एक पुलिस कर्मचारी पर टॉर्चर करने का आरोप लगाते हुए उस पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इसको लेकर परिजनों ने पहले युवक का पोस्टमार्टम करवाने से इंकार कर दिया था। इस मामले में पूर्व विधायक दुड़ाराम के हस्तक्षेप के बाद परिजन पोस्टमार्टम को राजी हुए। इस मामले में परिजनों का प्रतिनिधिमंडल 3 दिन बाद एसपी से मुलाकात करेगा। गांव ढाणी माजरा निवासी सोमबीर मांजू ने बताया कि उसके छोटे भाई सीताराम मांजू ने रविवार को जहर निगल लिया। वह घर के बाहर गली में बेहोशी की हालत में मिला था। इसके बाद उसे फतेहाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां उसकी मौत हो गई। सोमबीर ने आरोप लगाया कि उसके भाई को 20 नवंबर को कोर्ट परिसर से पुलिस ने उठा लिया था। उसे 21 नवंबर को फिर से कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जमानत मिल गई थी। जब से जमानत लेकर भाई घर लौटा, तब से बार-बार पुलिसकर्मी का नाम लेकर ही सहम रहा था। वह कहता था कि उक्त पुलिसकर्मी उसको और मुकदमों में फंसाने की धमकी देता है। दरअसल, जून 2025 में फतेहाबाद के मॉडल टाउन स्थित गगन मेमोरियल अस्पताल के बाहर पत्थर बरसाते हुए दहशत मचाने का प्रयास किया गया था। आरोप था कि 15-20 लोगों ने बिल्डिंग खाली करवाने से नाराज होकर पत्थर बरसाए। डॉक्टर व मरीज बाल-बाल बच गए। गाड़ी तोड़ दी गई। इस मामले में पुलिस ने डॉ.दलीप तंवर की शिकायत पर सीताराम पर केस दर्ज किया था। वहीं, सोशल मीडिया पर बस स्टैंड पुलिस चौकी के कर्मचारियों को भी सीताराम ने गंदी-गंदी गालियां दी। इस मामले में भी उस पर एफआईआर दर्ज की गई थी।परिजन व पुलिस के अधिकारी पूर्व विधायक के कार्यालय में पहुंचे और दोनों पक्षों में बातचीत हुई। एसपी ने भी मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। तीन बाद परिजनों का प्रतिनिधिमंडल एसपी से मुलाकात करेगा। पूर्व विधायक के आश्वासन के बाद परिजन पोस्टमार्टम व अंतिम संस्कार को राजी हुए और गमगीन माहौल में युवक का अंतिम संस्कार किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा

