फतेहाबाद, 13 अप्रैल (हि.स.)। साइबर थाना फतेहाबाद ने तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए विभिन्न शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए गुम हुए 10 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटा दिए हैं। इन बरामद किए गए मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत लाखों रुपये आंकी गई है। सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसपी निकिता खट्टर ने स्वयं मोबाइल मालिकों को उनके फोन सौंपे। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से ऐसे मामलों में अब बेहतर और सटीक परिणाम प्राप्त किए जा रहे हैं। साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक राहुल कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने आईएमईआई ट्रैकिंग, लोकेशन विश्लेषण और डिजिटल सर्विलांस का प्रभावी उपयोग कर इन मोबाइलों को ट्रेस किया। पुलिस टीम ने शिकायतों की गहन जांच और डेटा विश्लेषण के माध्यम से त्वरित फॉलो-अप किया, जिसके परिणामस्वरूप यह कामयाबी मिली। अपना कीमती फोन वापस पाकर नागरिकों ने फतेहाबाद पुलिस का आभार जताया और उनके प्रयासों की सराहना की। जिन लोगों को यह मोबाइल सौंपे गए उनमें धीरज माहेश्वरी महेंद्रगढ़, निर्मल सिंह फतेहाबाद, कमलदीप सिंह हमजापुर, परवीन कुमार गुरुनानकपुरा फतेहाबाद, सुनीता रानी जांडली कलां, मिल्खा सिंह हांसपुर, राहुल जैन हिसार, भगवान सिंह महमड़ा, मोहित कुमार खजूरी जाटी और दिनेश बंसल, शिव नगर, फतेहाबाद शामिल हैं। एसपी निकिता खट्टर ने कहा कि तकनीक तभी सार्थक है, जब उसका लाभ सीधे जनता को मिले। गुम हुए मोबाइल फोन लौटाना केवल एक तकनीकी उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह पुलिस की संवेदनशील और जिम्मेदार कार्यशैली को भी दर्शाता है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि साइबर थाना न केवल अपराधों की रोकथाम बल्कि नागरिकों की हर समस्या के समाधान के लिए तत्पर है। पुलिस की इस पहल से आमजन में सुरक्षा और विश्वास की भावना और अधिक मजबूत हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा
