फतेहाबाद, 12 अप्रैल (हि.स.)। जिले के गांव फूलां में गेहूं की फसल कटवाने के दौरान हुए आपसी विवाद में दादा-पोते पर हमला करने का मामला सामने आया है। इस घटना में बुजुर्ग दादा पर चाकू से वार किया गया, जबकि उनके पोते के साथ मारपीट की गई। फतेहाबाद सदर थाना पुलिस ने रविवार को पीडि़त की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत में गांव फूलां निवासी मान सिंह ने बताया कि उनका पोता मौसम उनके पास आया और खेत में गेहूं की फसल कटवाने में मदद मांगी। जब मान सिंह उसके साथ खेत में पहुंचे, तो वहां मौसम के पिता धर्मपाल और बुआ का लडक़ा आत्मप्रकाश पहले से मौजूद थे। आरोप है कि धर्मपाल और आत्मप्रकाश ने मौसम के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और उसे वहां से चले जाने को कहा। विवाद के दौरान आत्मप्रकाश ने कथित तौर पर धर्मपाल को चाकू देते हुए हमला करने के लिए उकसाया। जब धर्मपाल अपने बेटे मौसम पर हमला करने लगा, तो बुजुर्ग मान सिंह ने बीच-बचाव की कोशिश की। मान सिंह का आरोप है कि उन्हें धक्का देकर दूर गिरा दिया गया और जब उन्होंने दोबारा अपने पोते को छुड़ाने का प्रयास किया, तो धर्मपाल ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में मान सिंह के हाथ पर गहरी चोट लगी और काफी खून बहने लगा। हमले के बाद किसी तरह जान बचाकर मौसम अपने घायल दादा को गाड़ी में बैठाकर फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल ले गया। मान सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, हालांकि परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल में ले गए जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने मान सिंह के बयान के आधार पर धर्मपाल और आत्मप्रकाश के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा
