फतेहाबाद, 07 फ़रवरी (हि.स.)। टोहाना में स्थित गौरव ट्रेडिंग कंपनी में लूटपाट करने के दो आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोच लिया है।

यह मुठभेड़ शनिवार सुबह टोहाना क्षेत्र में हुई। सूचना मिलने पर सीआईए टीम ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी। लूट के दो आरोपियों कमल और मोनू ने गिरफ्तारी से बचने के पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए। उन्हें नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को पीजीआई अग्रोहा रेफर कर दिया गया। बताया गया है कि दोनों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से देसी कट्टे बरामद किए है।

गौरतलब है कि उदित, कमल और मीनू ने चार फरवरी को फ्रूट विक्रेता और गौरव ट्रेडिंग कंपनी के संचालक धीरज मेहता से हथियारों की नोक पर डेढ़ लाख रूपए लूट लिए थे। उन्होंने धीरज की दुकान पर जाकर फायरिंग की और गल्ले में रखे डेढ़ लाख रुपए निकला लिए । घटना के एक आरोपी बलियाला वासी उदित को पुलिस ने वारदात के कुछ घंटों बाद ही दबोच लिया था।
फतेहाबाद के एसपी सिद्धार्थ जैन ने बताया कि लूटपाट की घटना के आरोपियों को पकड़ने के लिए चार टीमें गठित की गई थी। पुलिस ने वारदात के 72 आरोपियों को गिरफ्तार करके बड़ी सफलता अर्जित की है। उन्होंने बताया कि इस घटना का मुख्य आरोपी कमल है जोकि बॉक्सर गैंग से संबंधित है। कमल पर दो साल पहले टोहाना के एक रेस्टोरेंट पर फायरिंग करके रंगदारी मांगने का मामला भी दर्ज है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा
